भारत/कुरूक्षेत्र 14 सितंबर:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद किया। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ोली,हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, हरियाणा प्रभारी सतीश पुनिया, हरियाणा विधानसभा चुनाव सहप्रभारी बिप्लब देब, हरियाणा भाजपा के सहप्रभारी सुरेंद्र नागर, सांसद नवीन जिंदल, रैली संयोजक पूर्व सांसद संजय भाटिया, प्रदेश भाजपा महासचिव अर्चना गुप्ता सहित अन्य नेतागण मंच पर उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति के तीर्थ कुरुक्षेत्र में आना, गीता के ज्ञान का साक्षात्कार करना,मन को गहराई से आनंदित और गर्वित करता है। कुरुक्षेत्र की धरती पर सरस्वती सभ्यता के निशान हैं, यह गुरु गोविंद सिंह जी की छठी पातशाही की धरती है, जहां उनके पावन चरण पड़े हैं, ऐसी पवित्र भूमि से आज फिर एक बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लेकर आया हूं। दिल्ली में लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर मिला है, जो उत्साह यहाँ की जनता में देखने को मिल रहा है उससे स्पष्ट हो गया है कि यहाँ की जनता भाजपा की हैट्रिक लगाने का मन बना लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल बता रहे हैं कि आप पिछले 50 साल का इतिहास देख लीजिए हरियाणा की एक विशेषता रही है कि दिल्ली में जिसकी सरकार होती है, हरियाणा में भी उसी की सरकार होती है और हरियाणा वाले कभी भी इसे उल्टा नहीं होने देते है। कुरुक्षेत्र के लाड़वा से तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद उम्मीदवार हैं और आज हरियाणा के इस बेटे की प्रशंसा पूरे देश में होती है। इतने कम समय में बहुत कम लोगों को इतनी लोकप्रियता मिलती है, क्योंकि इसका एक कारण यह भी है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 24 घंटे हरियाणा की जनता के हित के लिए समर्पित रहते हैं।
Tags:
Haryana BJP