नई दिल्ली, भारत- महिला उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान करने तथा उनके व्यवसायिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से राजधानी दिल्ली में शुभारंभ महिला उद्यमी क्लब (SWEC) का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कनॉट प्लेस स्थित डीएसआईआईडीसी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के विभिन्न जिलों से आई लगभग 30 महिला उद्यमियों ने भाग लिया और महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों को मजबूत बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया।
क्लब की स्थापना स्वादिष्ट संजीवनी की संस्थापक अनामिका कुमारी तथा जिज्ञासा एंटरप्राइजेज की संस्थापक सुनीता शर्मा द्वारा की गई है।
क्लब का उद्देश्य महिला उद्यमियों के बीच नेटवर्किंग को बढ़ावा देना, व्यावसायिक सहयोग के अवसर उपलब्ध कराना, ज्ञान एवं अनुभव साझा करना तथा बाजार तक पहुंच को सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के आधिकारिक बैनर का अनावरण किया गया तथा सदस्यों को पहचान-पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया। हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र उद्योग, शहद उत्पादन और अन्य सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
बैठक में महिला उद्यमिता से जुड़ी चुनौतियों, व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग तथा नए बाजारों तक पहुंच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने आपसी सहयोग और साझा विकास के माध्यम से एक मजबूत व्यावसायिक नेटवर्क विकसित करने पर बल दिया।
संस्थापक अनामिका कुमारी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और SWEC इसी दिशा में एक सार्थक पहल है। वहीं सुनीता शर्मा ने कहा कि जब महिला उद्यमी एक-दूसरे का सहयोग करती हैं तो नए अवसरों के द्वार खुलते हैं और सामूहिक सफलता की संभावनाएं बढ़ती हैं।
क्लब ने आगामी महीनों के लिए डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण, मेंटरशिप कार्यक्रम, व्यवसायिक मार्गदर्शन, नेटवर्किंग सत्र, उत्पाद प्रचार गतिविधियां तथा विभिन्न प्रदर्शनियों में सहभागिता जैसी योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। इसके अतिरिक्त महिला उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के साथ सहयोग स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतिभागियों ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समावेशी आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में SWEC महिला उद्यमियों का एक प्रभावशाली नेटवर्क बनकर उभरेगा और देशभर की महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।