महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा भेंट कर जताया आभार, संगठन विस्तार एवं आगामी रणनीति पर हुई विस्तृत चर्चा
चंडीगढ़/नई दिल्ली (भारत) भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके प्रति आभार एवं सम्मान व्यक्त किया।
भेंट के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने डॉ. अर्चना गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में हरियाणा भाजपा संगठन को नई ऊर्जा और सशक्त दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली एवं जनसंपर्क क्षमता के बल पर डॉ. अर्चना गुप्ता पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण तथा पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने एवं संगठन को और अधिक गतिशील बनाने को लेकर भी रणनीतिक विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा उन पर व्यक्त किए गए विश्वास के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि वह पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर भाजपा की विचारधारा, नीतियों एवं जनसेवा के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए पूर्ण समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।