भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता के बारे में, जाने कौन है अर्चना गुप्ता?
चंडीगढ़/दिल्ली(भारत ) हरियाणा की राजनीति में संगठन क्षमता, सामाजिक सेवा और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ महिला नेता आज प्रदेश राजनीति का मजबूत चेहरा बनकर उभरी हैं। चिकित्सा क्षेत्र से सार्वजनिक जीवन में आई इस महिला नेतृत्वकर्ता ने पिछले कई वर्षों में संगठन और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रभावशाली पहचान स्थापित की है।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार से जुड़ी इस महिला नेता को राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा की प्रेरणा विरासत में मिली। उनके दादाजी स्वर्गीय श्री सूरजभान गुप्ता, पानीपत के आट्टा गांव के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी थे। बचपन से ही राष्ट्रवाद और जनसेवा के वातावरण में पली-बढ़ीं, जिसके चलते उन्होंने राष्ट्रहित को अपने जीवन का मूल उद्देश्य बनाया।
चिकित्सा से जनसेवा तक का सफर
उन्होंने वर्ष 1990 में पीजीआईएमएस रोहतक से एमबीबीएस में स्वर्ण पदक प्राप्त किया तथा वर्ष 1994 में रेडियो डायग्नोसिस में एमडी की उपाधि हासिल की। एक सफल रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर के रूप में उन्होंने 31 वर्षों से अधिक समय तक चिकित्सा सेवा देते हुए उत्तर भारत में 5 लाख से अधिक मरीजों की स्वास्थ्य जांच और उपचार किया।
पानीपत में आधुनिक सुविधाओं से युक्त डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित करते हुए उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता और भ्रूण हत्या रोकने जैसे विषयों पर लगातार काम किया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में विशेष योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2015 में जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया गया।
विश्व हिंदू परिषद से भाजपा तक मजबूत संगठनात्मक यात्रा
सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के साथ कई वर्षों तक कार्य किया। भारतीय स्वास्थ्य रेखा हरियाणा की उपाध्यक्ष और मेडिकल सेल की सह-संयोजक के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से सक्रिय राजनीति में प्रवेश कर संगठन को मजबूत करने का कार्य शुरू किया।
उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, पानीपत के रूप में महिलाओं को राजनीति और संगठन से जोड़ने का व्यापक अभियान चलाया। तीज, करवा चौथ और महिला जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी की जड़ों को सामाजिक स्तर पर मजबूत किया गया।
भाजपा संगठन में लगातार बढ़ता प्रभाव
13 अगस्त 2019 को उन्हें भाजपा जिला अध्यक्ष, पानीपत की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान उन्होंने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया। 867 बूथों पर 15,829 पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति कर संगठनात्मक मजबूती का नया मॉडल प्रस्तुत किया।
उनके नेतृत्व में पानीपत में भाजपा का तीन मंजिला जिला कार्यालय भी तैयार हुआ, जिसके लिए समाज और कार्यकर्ताओं से सहयोग जुटाया गया। समालखा नगरपालिका चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
50 हजार महिलाओं की रिकॉर्ड भागीदारी
पानीपत में आयोजित पिंकथॉन रैली उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रही। इस कार्यक्रम में लगभग 50 हजार महिलाओं ने भाग लिया, जिसे लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। कार्यक्रम में तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि रहे। इसके अलावा स्वदेशी जागरण मंच के सहयोग से लोकल फॉर वोकल अभियान, स्वदेशी मेले, डिजिटल भुगतान जागरूकता और पटाखा मुक्त दीवाली जैसे अभियानों को भी व्यापक स्तर पर संचालित किया गया।
राज्य महासचिव के रूप में बड़ी जिम्मेदारी
5 जनवरी 2024 को उन्हें भारतीय जनता पार्टी हरियाणा का राज्य महासचिव नियुक्त किया गया। वर्तमान में वे हरियाणा के नौ महत्वपूर्ण जिलों—पानीपत, करनाल, कैथल, यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, सोनीपत और गोहाना में प्रभारी महामंत्री के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उन्होंने गांव चलो अभियान, शक्ति वंदन अभियान, एक भारत श्रेष्ठ भारत, लाभार्थी संपर्क अभियान और एक राष्ट्र-एक चुनाव जैसे अभियानों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोकसभा और विधानसभा चुनाव 2024 में भी उन्होंने संगठनात्मक रणनीति और जमीनी समन्वय में अहम योगदान दिया।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक चेतना पर विशेष फोकस
महिला सशक्तिकरण को लेकर उनका कार्य विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में जाकर तीन तलाक कानून के प्रति महिलाओं को जागरूक करना, झुग्गी-झोपड़ियों और गांवों में महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति शिक्षित करना तथा घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाना उनके प्रमुख सामाजिक अभियानों में शामिल रहा।
उन्होंने सरकारी स्कूलों को गोद लेकर शिक्षा सुधार के क्षेत्र में भी कार्य किया। गरीब और ग्रामीण बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म, पोषण और शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। बच्चों के माध्यम से परिवारों को साक्षर बनाने का अभियान भी चलाया गया।
स्वास्थ्य और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका
स्वच्छ भारत मिशन के तहत विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाए गए। एनीमिया, मधुमेह, रक्तचाप और महिलाओं में कैंसर जांच के लिए सैकड़ों स्वास्थ्य शिविर लगाए गए, जिससे हजारों ग्रामीणों और श्रमिकों को लाभ मिला। कोविड-19 महामारी के दौरान भाजपा महिला मोर्चा के सहयोग से लाखों मास्क तैयार कर निःशुल्क वितरित किए गए। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई गई।
परिवार भी शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ा है, उनके पति डॉ. अनिल गुप्ता वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। बेटी डॉ. आरुषि गुप्ता लंदन में एनएचएस के अंतर्गत रेडियोलॉजी कंसल्टेंट के रूप में सेवाएं दे रही हैं, जबकि पुत्र अविरल गुप्ता लंदन बिजनेस स्कूल से स्नातकोत्तर कर वित्त क्षेत्र में कार्यरत हैं।
संगठन, सेवा और नेतृत्व का मजबूत उदाहरण
राजनीति, चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए उन्होंने यह साबित किया है कि समर्पण, संगठन क्षमता और सेवा भावना के माध्यम से समाज में बड़ा परिवर्तन संभव है। हरियाणा भाजपा में उनका बढ़ता प्रभाव आज महिला नेतृत्व और जमीनी राजनीति का मजबूत उदाहरण माना जा रहा है।