21 नवंबर को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा ‘फूड एंड एग्रो @2047’ नेशनल कॉन्क्लेव, देशभर के उद्यमी, नीति-निर्माता, वैज्ञानिक और उद्योग विशेषज्ञ होंगे एक मंच पर
नई दिल्ली/भारत कुमार: भारत को वैश्विक खाद्य प्रसंस्करण और कृषि व्यापार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में लघु उद्योग भारती 21 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘Food & Agro @2047 National Conclave’ आयोजित करने जा रही है। सम्मेलन में देशभर के उद्यमी, उद्योग प्रतिनिधि, नीति-निर्माता, वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। कार्यक्रम का प्रमुख एजेंडा भारत के फूड एवं एग्रो सेक्टर के निर्यात को मौजूदा लगभग 51 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 100 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना होगा। विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में फूड प्रोसेसिंग, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन, आधुनिक तकनीक, जैविक खेती, कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और वैश्विक बाजारों में भारतीय उत्पादों की पहुंच बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।कृषि उत्पादों की बर्बादी रोकना और फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देना प्राथमिकता
लघु उद्योग भारती के खाद्य एवं कृषि उत्पाद समूह के राष्ट्रीय सह-समन्वयक आशीष देवड़ा ने प्रेस वार्ता में बताया कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 90 हजार करोड़ रुपये की कृषि उपज खराब हो जाती है। इसमें फल एवं सब्जियों जैसे हॉर्टिकल्चर उत्पादों का बड़ा हिस्सा शामिल है। उन्होंने कहा कि इस नुकसान को कम करने के लिए आधुनिक फूड प्रोसेसिंग उद्योग, वैज्ञानिक भंडारण, कोल्ड चेन और बेहतर सप्लाई चेन विकसित करना जरूरी है। कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करके किसानों की आय बढ़ाने के साथ भारतीय खाद्य उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है। उन्होंने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को भारतीय खाद्य एवं कृषि उद्योग के लिए नए अवसरों का माध्यम बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सफलता के लिए गुणवत्ता मानकों, उत्पादों की प्रोसेसिंग और नॉन-टैरिफ बैरियर की समझ आवश्यक है।FSSAI मानकों को वैश्विक व्यापार का पासपोर्ट बनाने पर जोर
आशीष देवड़ा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों को उद्योगों पर बोझ मानने के बजाय वैश्विक बाजार में प्रवेश का महत्वपूर्ण माध्यम समझना चाहिए। उन्होंने मंडी स्तर पर टेस्टिंग लैब स्थापित करने की आवश्यकता बताई। इससे किसानों को प्रतिबंधित कीटनाशकों और खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी मिलेगी तथा फूड प्रोसेसर्स और एक्सपोर्टर्स को गुणवत्ता संबंधी चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी। उन्होंने जैविक खेती, GI टैग आधारित उत्पादों और भारतीय पारंपरिक कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांड बनाने पर भी विशेष बल दिया।MSME और महिला उद्यमियों को मिलेगा नया बाजार
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश गुप्ता ने संगठन की 33 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन MSME क्षेत्र के संरक्षण, संवर्धन, नीति निर्माण, तकनीकी सहयोग और उद्यमिता विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि IIM, IIT और NIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ सहयोग तथा CSIR की तकनीकों को Technology Transfer के माध्यम से उद्यमियों तक पहुंचाने की दिशा में संगठन ने महत्वपूर्ण पहल की है।महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए ‘स्वयंसिद्धा’ प्रदर्शनी, B2B व्यापार को प्रोत्साहित करने के लिए ‘इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर’ और रक्षा एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी क्षेत्र में MSME की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘इंडिया मैन्युफैक्चरिंग शो’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी होंगे प्रमुख वक्ता
कॉन्क्लेव में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ सिंह चौधरी तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सचिव अविनाश जोशी, IAS उद्यमियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर विशेष तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। इनमें मॉडर्न ट्रेड एवं क्विक कॉमर्स, फ्यूचर ऑफ फूड, ऑर्गेनिक फार्मिंग, FSSAI की सहायक भूमिका, कृषि एवं MSME की चुनौतियां, खाद्य क्षेत्र में तकनीकी नवाचार, AI आधारित औद्योगिक विकास और कृषि वेयरहाउसिंग शामिल हैं। विशेषज्ञ वक्ताओं में CFTRI मैसूर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुहास आर., हल्दीराम के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. अशोक त्यागी, FSSAI के एडवाइजर सत्येन कुमार पांडा, NIFTEM के डॉ. विमल पंत, NSIC के वरिष्ठ महाप्रबंधक विद्यासागर सिंह और महाराष्ट्र के उद्यमी गिरीश चितले शामिल होंगे। निर्यात एवं वैश्विक बाजार विस्तार के सत्र में APEDA के चेयरमैन अभिषेक देव, IAS भाग लेंगे। वहीं ‘Taking Food MSMEs Global’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में संयुक्त DGFT रमेश वर्मा, SMJ Export के निदेशक तरुण बाफना और आरना इंटरनेशनल के कनिष्क श्रीवास्तव शामिल होंगे।
2047 तक भारत को वैश्विक फूड हब बनाने की तैयारी
भारत के पास विशाल कृषि उत्पादन क्षमता, विविध पारंपरिक खाद्य उत्पाद, उद्यमशीलता और तेजी से विकसित होता घरेलू बाजार है। ऐसे में कृषि उत्पादन को आधुनिक तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण, अनुसंधान और वैश्विक व्यापार से जोड़ना आने वाले वर्षों में आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बन सकता है। ‘Food & Agro @ 2047 National Conclave’ इसी दिशा में उद्योग जगत, सरकारी संस्थानों और विशेषज्ञों के बीच संवाद एवं समन्वय स्थापित करने का मंच बनेगा। प्रेस वार्ता के दौरान कॉन्क्लेव का आधिकारिक पोस्टर जारी किया गया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के दिल्ली प्रांत अध्यक्ष दीवान चंद गुप्ता, तेलंगाना से अनुज खंडेलवाल, महाराष्ट्र से कौशिक मालू, मध्य प्रदेश से अनिल नवानी, उत्तर प्रदेश से राकेश अग्रवाल एवं आशुतोष शर्मा सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।